सिंधिया ने लगभग साढ़े पांच लाख मतों से कांग्रेस प्रत्याशी यादवेंद्र को हराया

गुना, : देश भर में चर्चाओं का केंद्र रही मध्यप्रदेश की गुना-शिवपुरी संसदीय सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने लगभग साढ़े पांच लाख मतों से अपने निकटतम कांग्रेस प्रत्याशी को पराजित कर इस सीट पर एक बार फिर भाजपा का कब्जा बरकरार रखा है।निर्वाचन आयोग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार श्री सिंधिया को नौ लाख 23 हजार 302 मत प्राप्त हुए। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी यादवेंद्र राव देशराज सिंह के खाते में तीन लाख 82 हजार 373 मत गए।
इस सीट से भाजपा ने पिछले लोकसभा चुनाव में के पी यादव को चुनावी मैदान में उतारा था, जिन्होंने उस समय कांग्रेस में रहे श्री सिंधिया के सामने चुनाव लड़ा और यहां से जीत हासिल कर संसद पहुंचे। इसके बाद श्री सिंधिया 2020 में भाजपा में शामिल हो गए और बाद में भाजपा ने उन्हें राज्यसभा सांसद बना कर केंद्रीय मंत्री बनाया। इस बार भाजपा ने श्री यादव का टिकट काट कर यहां से श्री सिंधिया को चुनावी मैदान में उतार दिया।