बंगाल में अंतिम चरण के लोस चुनाव के लिए शनिवार को मतदान की तैयारियां पूरी

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में नौ संसदीय सीटों के लिए शनिवार को होने वाले सातवें और अंतिम चरण के चुनाव के लिए तैयारियां पूरी कर ली गयी है।इससे पहले राज्य में चुनाव प्रचार का कोलाहल गुरुवार शाम छह बजे समाप्त हो गया।अंतिम चरण की सीटों में डायमंड हार्बर , दमदम, बारासात, बशीरहाट, जयनगर, मथुरापुर, जादवपुर, कोलकाता दक्षिण और कोलकाता उत्तर शामिल हैं। दक्षिणी एवं उत्तरी 24-परगना और कोलकाता के दो जिलों में फैले नौ संसदीय क्षेत्रों में 80,20,326 महिलाओं समेत कुल 1,63,40,365 मतदाता हैं। ये मतदाता 17,470 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार के जरिए 72 उम्मीदवारों में से अपने प्रतिनिधि चुनेंगे। नौ संसदीय सीटों के साथ ही बारानगर विधानसभा उपचुनाव के लिए भी इसी दिन मतदान होगा।निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा और शाम सात बजे तक चलेगा। स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय बलों की करीब 967 कंपनियां और राज्य पुलिस के करीब 33,000 जवान तैनात रहेंगे। संदेशखली की घटनाओं के मद्देनजर उत्तरी 24 परगना के बशीरहाट में सबसे ज्यादा 116 कंपनी केंद्रीय सशस्त्र बल तैनात रहेंगे। वहीं इस सप्ताह रेमल तूफान से प्रभावित सुंदरबन में केंद्रीय बलों की 114 कंपनियां तैनात रहेंगी।
चुनावों में मुख्य मुकाबला सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस और प्रमुख विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच देखा जा रहा है। राज्य की 42 लोकसभा सीट में से 30 सीटों पर जीत का लक्ष्य रखने वाली भाजपा के लिए आखिरी चरण का चुनाव सबसे अहम माना जा रहा है।तृणमूल कांग्रेस में नंबर-2 नेता माने जाने वाले अभिषेक बनर्जी डायमंड हार्बर सीट से तीसरी बार जीत का परचम लहराने के लिए संकल्पित हैं। यहां उनके खिलाफ भाजपा के अभिजीत दास उर्फ बॉबी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के प्रतिकुर रहमान चुनाव मैदान में हैं।
दमदम सीट पर तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार इस बार अपनी जीत की चौकड़ी बनाने के लिए चुनाव मैदान में हैं जहां उनका मुकाबला भाजपा के सिलभद्र दत्ता और माकपा के सुजान चक्रवर्ती से है। इसी तरह बारासात सीट पर तृणमूल कांग्रेस की काकोली घोष दस्तीदार को भाजपा के स्वपन मजूमदार और आल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के संजीब चटर्जी चुनौती दे रहे हैं।
बशीरहाट में तृणमूल कांग्रेस के हाजी नूरुल इस्लाम का मुकाबला भाजपा की रेखा पात्रा से है। सुश्री पात्रा ने उत्तर 24 परगना के संदेशखली में विद्रोह का झंडा बुलंद कर रखा था। जयनगर में तृणमूल कांग्रेस की निवर्तमान सांसद प्रतिमा मंडल का मुकाबला भाजपा के अशोक कंडारी और आरएसपी के समरेन्द्र नाथ मंडल से होगा।
मथुरापुर में तृणमूल कांग्रेस ने इस बार मोहन जटुआ को दोबारा मौका नहीं दिया और बापी हलधर को अपना उम्मीदवार बनाया है जिनके खिलाफ भाजपा के अशोक पुरकैत और माकपा के शरत चंद्र हलधर चुनाव मैदान में हैं। इसी प्रकार जादवपुर सीट से निवर्तमान तृणमूल कांग्रेस सांसद मिमि चक्रवर्ती को पार्टी ने दूसरी बार टिकट नहीं दी और उनके स्थान पर सयानी घोष को प्रत्याशी बनाया है। सुश्री सयानी के मुकाबले भाजपा के अनिर्बान गांगुली और माकपा के श्रीजन भट्टाचार्य चुनाव मैदान में हैं।
कोलकाता दक्षिण में तृणमूल कांग्रेस की निवर्तमान सांसद माला रॉय , भाजपा की देवाश्री चौधरी और माकपा की सायरा शाह हलीम के बीच त्रिकोणीय संघर्ष है। कोलकाता उत्तर में तृणमूल कांग्रेस सांसद सुदीप बनर्जी की भाजपा के तापस रॉय और कांग्रेस के प्रदीप भट्टाचार्य से भिड़ंत है। श्री राय लोकसभा चुनाव से पहले पहले तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा शामिल हो गये थे।
पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीटों और एक विधानसभा सीट के लिए मतगणना 04 जून को होगी।