प्रधानमंत्री ने अरुणाचल प्रदेश के लोगों को विधानसभा चुनाव में जीत के लिए धन्यवाद दिया

ईटानगर, : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी पर एक बार फिर से भरोसा करने के लिए अरुणाचल प्रदेश की जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी सीमावर्ती राज्य के विकास के लिए और भी ज्यादा जोश के साथ काम करती रहेगी।
उल्लेखनीय है कि भाजपा ने रविवार को अरुणाचल प्रदेश की 60 सदस्यीय विधानसभा में 46 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की है।श्री मोदी ने एक्स पर कहा कि “धन्यवाद, अरुणाचल प्रदेश! इस अद्भुत राज्य के लोगों ने विकास की राजनीति को स्पष्ट जनादेश दिया है। भाजपा में फिर से विश्वास जताने के लिए अरुणाचल प्रदेश का आभार। हमारी पार्टी राज्य के विकास के लिए और भी ज्यादा उत्साह के साथ काम करती रहेगी।”प्रधानमंत्री मोदी ने अरुणाचल प्रदेश में चुनाव अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सराहनीय है कि वे पूरे राज्य में गए और लोगों से जुड़े।प्रधानमंत्री मोदी के प्रेरणादायक शब्दों से उत्साहित होकर मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने एक्स पर लिखा, “धन्यवाद, प्रधानमंत्री सर। आपके मार्गदर्शन और दूरदृष्टि ने हमारी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हम सबका साथ, सबका विकास के लिए काम करना जारी रखेंगे।”केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी भाजपा में अटूट विश्वास व्यक्त करने के लिए अरुणाचल प्रदेश के लोगों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
गृहमंत्री शाह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि “यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी में पूर्वोत्तर के लोगों के विश्वास और क्षेत्र में मोदी सरकार द्वारा शुरू किए गए बदलाव के युग का प्रमाण है। उन्होंने इस शानदार जीत पर मुख्यमंत्री खांडू, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बियुराम वाहगे और सभी कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी।”
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्ड ने कहा “भाजपा पर भरोसा रखने और राज्य में ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने के लिए अरुणाचल प्रदेश के लोगों का आभारी हूं। यह उल्लेखनीय जीत समृद्ध और विकसित अरुणाचल प्रदेश की उनकी इच्छा का प्रतिबिंब है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button