हिमाचल प्रदेश में लू का कहर जारी, अगले सप्ताह राहत मिलने के आसार

हिमाचल प्रदेश में शनिवार और रविवार को तीव्र गर्मी का सामना करना पड़ा, जिसमें ऊना तथा पांवटा साहिब ने इस मौसम का सबसे उच्चतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
आरएनएन स्पेशल/-राज्यभर में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहा, पिछले 24 घंटों में कहीं भी वर्षा या हिमपात नहीं हुआ जबकि निम्न पहाड़ियों और मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-5 डिग्री सेल्सियस कम रहा, मध्य पहाड़ी इलाकों में तापमान सामान्य से 2-6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। केलांग राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शिमला में अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक था। सुंदरनगर (36.5 डिग्री सेल्सियस), कांगड़ा (36.9 डिग्री सेल्सियस) और बिलासपुर (37.5 डिग्री सेल्सियस) जैसे अन्य शहरों में भी असामान्य रूप से उच्च तापमान रहा। कुल्लू के बजोरा और किन्नौर के ताबो में 48 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएँ चलीं।
शिमला मौसम केंद्र ने 30 अप्रैल तक शुष्क मौसम रहने का अनुमान जताया है।
इसके अलावा, एक- तीन मई तक कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटे) चलने के आसार हैं। एक पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान में चक्रीय परिसंचरण के कारण मौसम प्रभावित होना और निम्न क्षेत्र जैसे ऊना, बिलासपुर तथा कांगड़ा में गर्मी बनी रहने का अनुमान है।आने वाले कुछ दिनों तक गर्म और शुष्क मौसम जारी रहने का अनुमान है। सप्ताहांत तक हल्की बारिश और आंधी-तूफान आने के आसार हैं।