कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने सबसे ज्यादा संविधान का अपमान किया : चुग

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर साधा निशाना:
आरएनएन स्पेशल/-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि आज जो लोग संविधान की प्रति जेब में रखकर घूम रहे हैं, उनके पूर्वजों ने ही सबसे ज्यादा संविधान का अपमान किया है।
श्री चुग ने मंगलवार को सोनपुर के भरपुरा स्थित शिव मंदिर में आयोजित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय विचार गोष्ठी को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर एक दूरदृष्टा और युगद्रष्टा नेता थे, जिन्होंने यह सुनिश्चित किया कि भारत का हर नागरिक समानता और गरिमा के साथ जीवन जी सके। लेकिन , दुर्भाग्यपूर्ण है कि जीवित रहते हुए और मृत्यु के बाद भी उन्हें कांग्रेस की नेहरू-गांधी परिवार ने लगातार अपमानित किया। चार पीढ़ियों तक बाबा साहेब के साथ अन्याय हुआ और उन्हें संविधान सभा में आने से रोकने का हर संभव प्रयास किया गया। उन्हें संविधान सभा में स्थान दिलवाने का कार्य तब की हिन्दू महासभा ने किया।”
भाजपा महामंत्री ने सवाल किया, “आख़िर ऐसा क्यों हुआ कि संविधान लागू होने के 40 वर्षों बाद तक बाबा साहेब को भारत रत्न नहीं मिला। यह सम्मान उन्हें तब मिला जब केंद्र में कांग्रेस नहीं, बल्कि भाजपा समर्थित सरकार थी। भाजपा के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ही थे जिन्होंने बाबा साहेब के चित्र को संसद की गैलरी में स्थान दिलवाया।”