उत्तराखंड में पांचों सीटों पर भाजपा की बड़े अन्तर से जीत, घोषणा अभी बाकी

देहरादून, : अठारहवीं लोकसभा (लोस) के लिए मंगलवार को हो रही मतगणना में उत्तराखंड की सभी पांचों सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल कर ली है। सभी स्थानों पर मतों की गणना पूरी हो चुकी है। अभी आधिकारिक रूप से घोषणा की प्रतीक्षा है। बढ़ी बढ़त के बाद, भाजपा नेता और कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं।
अपराह्न चार बजे तक नैनीताल, उधमसिन्ह नगर क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट रिकार्ड तीन लाख, 26 हजार, 816 मतों ने अपने निकटतम प्रत्याशी कांग्रेस के प्रकाश जोशी को शिकस्त दी है। वहीं टिहरी लोकसभा क्षेत्र में भाजपा की माला राज लक्ष्मी शाह ने चौथी बार 02,58,252 मतों से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के जोतसिंह गुणसोला से लीड ली है।हरिद्वार में भाजपा के त्रिवेंद्र सिंह रावत अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के वीरेंद्र सिंह से 01,38,265 मतों से और पौड़ी गढ़वाल में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल बलोनी अपने निकटतम प्रत्याशी कांग्रेस के गणेश गोदियाल से 01,52,944 ज्यादा मत प्राप्त कर चुके हैं। जबकि अल्मोड़ा में भाजपा के अजय टम्टा ने कांग्रेस के प्रदीप टम्टा से 2,24,655 ज्यादा मत प्राप्त किए हैं। समाचार लिखे जाने तक निर्वाचन आयोग की ओर से किसी की जीत की घोषणा नहीं की है।
दूसरी ओर, देहरादून स्थित भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मंत्री गणेश जोशी सहित अन्य नेता पहुंच गए हैं। नेता और कार्यकर्ता ढोल नगाड़ों पर थिरक रहे है। एक दूसरे को मिठाई खिलाई जा रही है। साथ ही, रंग और गुलाल उड़ाए जा रहे हैं।