26 नवंबर तक मौसम साफ, वीकेंड पर भी सैलानियों से शिमला गुलजार

 

हिमाचल प्रदेश में 26 नवंबर तक मौसम साफ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा। रविवार को केलांग में न्यूनतम तापमान -4.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जबकि ऊना में उच्चतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम और उच्चतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं देखा गया है। वहीं शिमला में सैलानियों की आमद बढ़ने के बाद वीकेंड पर रविवार को भी शिमला सैलानियों से गुलजार रहा। शनिवार के बाद रविवार को भी शहर के एतिहासिक रिज मैदान और मालरोड पर सैलानियों की भारी भीड़ रही। वीकेंड पर बीते दो दिन में सर्कुलर रोड से मालरोड पहुंचने के लिए करीब 21,000 लोगों ने पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट का इस्तेमाल किया। विंटर टूरिस्ट की शुरूआत के साथ ही शहर में होटलों के कमरों की बुकिंग में तेजी आई है, वहीं साइट सीन के लिए टैक्सियों की बुकिंग से टैक्सी कारोबार ने भी रफ्तार पकड़ी है। रविवार को रिज मैदान पर सैलानियों ने घुड़सवारी और फोटोग्राफी का लुत्फ उठाया। बड़ी संख्या में पर्यटक खरीदारी के लिए लक्कड़ बाजार पहुंचे। माल रोड पर देर शाम तक सैलानियों की चहल पहल रही। मिडल बाजार के ढाबों में पर्यटकों ने लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाया तो लोअर बाजार में गर्म कपड़ों की खरीदारी करने भी पहुंचे। शिमला होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि वीकेंड पर सैलानियों की संख्या बढ़ी है। अब शहर में बर्फबारी का इंतजार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button