हिमाचल में बस पलटने से 27 श्रद्धालु घायल
हिमाचल प्रदेश में जिला ऊना के अम्ब में श्रद्धालुओं से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिसमें 27 श्रद्धालु घायल हुए हैं जबकि 11 लोगों को गंभीर चोंटे आई हैं।
पुलिस ने बताया कि हादसे में घायलों को सिविल अस्पताल अम्ब में उपचाराधीन किया गया है। सभी श्रद्धालु मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। शुक्रवार दोपहर के वक्त मुबारिकपुर में यह हादसा हुआ। श्रद्धालुओं से भरी बस ऊतराई पर सड़क के बीच ही पलट गई। बताया जा रहा है बस की ब्रेक नहीं लगी और अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के दौरान बस में सवार लोगों में चीखो पुकार मच गई। यात्री बुरी तरह से सहम गए।
हादसे के समय बस में करीब 34 श्रद्धालु सवार थे। बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन करने के बाद लौट रहे थे और कुरुक्षेत्र जा रहे थे। इसी दौरान मुबारिकपुर के घे दा घट्टा में बस अचानक सड़क पर पलट गई। हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऊना प्रवीण धीमान ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस हादसे की जांच की रही है।