हिमाचल में कैबिनेट विस्तार से पहले CM सुक्खू ने 6 मुख्य संसदीय सचिवों को दिलाई शपथ
शिमला, 08 जनवरी : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंत्रिमंडल विस्तार से पहले रविवार सुबह छ मुख्य संसदीय सचिवों को शपथ दिलाई। विधायक किशोरीलाल आशीष बुटेल, संजय अवस्थी, सुंदर ठाकुर, रामकुमार और मोहनलाल बरागटा ने बतौर मुख्य संसदीय सचिव के रूप में शपथ ली।
सुक्खू ने कांगड़ा जिला व सोलन जिला से दो-दो, कुल्लू जिला और शिमला जिला से एक-एक मुख्य संसदीय सचिव बनाया है। इस तरह मुख्य संसदीय सचिव की नियुक्ति में चार जिलों को प्रतिनिधित्व मिला है।
बता दें कि हिमाचल में पिछली जयराम सरकार के कार्यकाल में संसदीय सचिव नहीं बनाए गए थे। वर्ष 2012 से 2017 की कांग्रेस की वीरभद्र सरकार 7 और 2007 से 2012 की धूमल सरकार में 03 मुख्य संसदीय सचिव बने थे।
बता दें कि सूबे में कैबिनेट विस्तार को लेकर तो चर्चाओं का बाजार काफी गर्म था, लेकिन संसदीय सचिव बनाने को लेकर सुक्खू ने कोई संकेत नहीं दिए थे। लिहाजा रविवार सुबह अचानक ही 6 संसदीय सचिव बनाकर सुक्खू ने एक मास्टरस्ट्रोक खेला है।
उधर इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित कई अन्य नेता भी मौजूद रहे। साथ ही मुख्य संसदीय सचिवों के परिवार भी इस दौरान मौजूद रहे।
वहीं,शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सभी मुख्य संसदीय सचिवों को भी बधाई दी। साथ ही उन्होंने कहा कि थोड़ी देर में ही मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर भी शपथ ग्रहण समारोह होना है। उन्होंने मंत्री बनने वाले विधायकों को भी अग्रिम शुभकामनाएं दी है।