हिमाचल के जिला मंडी के तहत करसोग विधानसभा क्षेत्र में 3 नए पोलिंग बूथ बनाए गए
प्यारे लाल शर्मा करसोग
हिमाचल के जिला मंडी के तहत करसोग विधानसभा क्षेत्र में 3 नए पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। जिसकी अधिसूचना हिमाचल प्रदेश निर्वाचन विभाग ने जारी कर दी है। जिसमें शलाग 35, केलोधार 94, गवालपुर वन 103 व गवालपुर टू 104 नए पोलिंग बूथ शामिल हैं। ऐसे में करसोग में अब कुल पोलिंग बूथ की संख्या 110 हो गई है।
3 नए पोलिंग बूथ बनाए जाने से आने वाले विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को घरद्वार पर वोट कास्ट करने की सुविधा मिलेगी। मतदाताओं को मतदान के दिन लंबी कतारों में भी खड़ा नही रहना होगा। नए बने पोलिंग बूथ के तहत पड़ने वाले ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं को पहले घरों से मतदान के लिए काफी दूर पैदल जाना पड़ता था। यही नहीं पोलिंग बूथ पर भीड़ भी अधिक रहती थी। जिससे वोटर को अब छुटकारा मिल गया है।
नए वोटर जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू
इसके अतिरिक्त करसोग विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची में नए वोटर जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू है। जिनकी उम्र 1 अक्टूबर 2022 को 18 साल की हो रही है। ऐसे सभी युवा 16 सितंबर तक बूथ में जाकर वोटर लिस्ट में नाम दर्ज करवा सकते हैं। बता दें कि करसोग में अभी मतदाताओं की कुल संख्या 74,675 है। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 37,878 और महिला मतदाता की संख्या 36,797 है। यह संख्या वोटर लिस्ट में नए नाम जोड़ने के बाद और बढ़ सकती है।
करसोग विधानसभा क्षेत्र में 3 नए बूथ बनाए गए
निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर का कहना है कि करसोग विधानसभा क्षेत्र में 3 नए बूथ बनाए गए हैं। इसके बाद कुल बूथों की संख्या अब 110 हो गई है। उन्होंने 1 अक्टूबर 2022 तक 18 साल की आयु पूरी करने वाले युवाओं से वोटर लिस्ट में नाम दर्ज करवाने की भी अपील की है।