सलाणी नदी में डूबने से 20 साल के कामगार की मौत
नाहन: हिमाचल प्रदेश के कालाअंब थाना के अंतर्गत सलाणी नदी में 20 साल के युवक की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार युवक ने कुंड में छलांग लगाई थी। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के रहने वाले आसिफ खान (20) के तौर पर की गई है। हालांकि घटनास्थल पर जांच जारी है,लेकिन प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतक अपने जीजा के साथ कुंड की तरफ गया था। इसी दौरान वो कुंड में डूब गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक वी गार्ड कंपनी में काम करता था। शव को रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचा दिया गया था। रविवार की छुट्टी पर अक्सर ही कामगार कपड़े धोने के लिए नदी का रुख भी करते है।
बता दें कि करीब दो माह के भीतर ही मारकंडा नदी में डूबने से चार युवकों की मौत हो चुकी है। इसमें दो युवक स्थानीय थे, जबकि दो युवक हरियाणा से ताल्लुक रखते थे। कुछ समय से पुलिस ने मारकंडा नदी में पिकनिक मनाने व नहाने के लिए उतरने वालों की सुरक्षा को लेकर गश्त भी शुरू की है। लेकिन रविवार की छुट्टी होने के कारण युवक नदी में पहुंचने से नहीं कतराते। मारकंडा के बाद अब सलाणी नदी का भी रुख किया जाने लगा है।उल्लेखनीय है कि शनिवार दोपहर नाहन के काली स्थान तालाब में भी डूब जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। पुलिस व प्रशासन की एडवाइजरी के बावजूद भी लोग, खासकर युवा नदियों में उतरने से बाज नहीं आ रहे हैं। उधर पांवटा साहिब में पुलिस की सख्ती की वजह से यमुना नदी में डूबने वालों के आंकड़े में गिरावट हुई है।