राष्ट्रीय पदक लेकर लौटे रौशन को किया गया सम्मानित
गोड्डा,आरएनएन।
शनिवार को गत महीने 26 से 28 जून तक हरियाणा के पंचकूला में आयोजित “खेलो इंडिया फर्स्ट नेशनल रैंकिंग रेसलिंग चैंपियनशिप (अंडर-17)” में कांस्य पदक जीतकर वापस गोड्डा लौटे कन्हवारा गांव के गुदड़ी के लाल रौशन कुमार साह का जिला प्रशासन गोड्डा एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। शनिवार को जसीडीह से गोड्डा पहुंचने पर पांडूबथान अवस्थित नवनिर्मित समाहरणालय के अपने कार्यालय कक्ष में उपायुक्त भोर सिंह यादव के द्वारा रौशन का स्वागत-सम्मान पगड़ी, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ से किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि रौशन जैसी प्रतिभाओं को और आगे बढ़ने-बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन कृतसंकल्पित है। इसके लिए एक रोड मैप तैयार किया जा रहा है।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी महागामा श्री सौरभ कुमार भुवानिया, विधि शाखा प्रभारी श्री सुजीत कुमार सिंह, जिला खेल पदाधिकारी गोड्डा श्री मनोज कुमार ,जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार पप्पु सचिव सुरजीत झा, देवघर जिला कुश्ती संघ अध्यक्ष विजय प्रताप सनातन, देवघर सचिव संजीव झा व संयुक्त सचिव अभिजीत सिंह, जिला कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष आशुतोष झा व अखिल कुमार झा, कोषाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह, संयुक्त सचिव नितेश सिंह “बंटी” सहित कुश्ती के कई उभरते खिलाड़ी उपस्थित थे।