भ्रष्टाचार के मुद्दों पर घेरना शुरू,पूर्व सीएम जयराम ठाकुर
मंडी, 31 दिसंबर : हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही कांग्रेस ने पूर्व में रही भाजपा की सरकार और पूर्व सीएम जयराम ठाकुर को भ्रष्टाचार के मुद्दों पर घेरना शुरू कर दिया है। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश में होने वाले विभिन्न प्रकार के पेपर लीक मामलों में पूर्व सीएम जयराम ठाकुर का भी हाथ हो सकता है, क्योंकि उन्हें क्या पांच वर्षों तक भ्रष्टाचार के मामलों की जानकारी नहीं हुई, जबकि सब कुछ उनके नाक तले होता रहा।
मंडी में जारी एक प्रेस बयान में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव देवेंद्र शर्मा ने भाजपा पर पूर्व सरकार में हुए भ्रष्टाचार के मामलों को दबाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावों में मिली हार से बौखला गई है और इनसे कुर्सी का मोह छूट नहीं रहा। देवेंद्र शर्मा ने बताया कि पूर्व की सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त रही है और कुछ मामले पहले उजागर हुए हैं, और कुछ मामले आने वाले समय में उजागर होंगे।
भाजपा प्रदेश में हुए भ्रष्टाचार के मामलों को दबाने का प्रयास कर रही है, जिसमें भाजपा सफल नहीं हो पाएगी। उन्होंने बताया कि मौजूदा सरकार जनहितैषी सरकार है। इसमें गलत काम करने वालों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देवेंद्र शर्मा ने कहा कि कांग्रेस गरीब की सरकार है, और संस्थानों को बंद करना या बदलना किसी प्रकार की कोई तानाशाही नहीं है।