फतेहपुर को फतेह करने के लिए भाजपा एकजुट होकर लड़ेगी चुनाव : जगदेव ठाकुर
जमात अली। फतेहपुर
विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर में लंबे समय से भाजपा जीत से वंचित रह रही है। परिणामस्वरूप फतेहपुर क्षेत्र विकास के मामले में पिछड़ रहा है। आगामी चुनावों में भाजपा फतेहपुर में एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी और जीत दर्ज करेगी। यह शब्द भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष जगदेव सिंह ठाकुर ने अपने जनसंपर्क अभियान के तहत ग्राम पंचायत बरोट में उपस्थित लोगों से कहे। जगदेव सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश में कई जनहित की योजनाएं चलाई हैं और हजारों प्रदेशवासियों को इन योजनाओं का लाभ भी मिला है। इसी तरह केंद्र की भाजपा सरकार भी जनभलाई की अनेकों योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का प्रसार जन जन तक करने का आह्वान किया ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं से लाभांवित हो सकें। जगदेव ठाकुर ने हिमकेयर, आयुष्मान, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना सहित विभिन्न योजनाओं का जिक्र किया और लोगों से इन योजनाओं का लाभ लेने की भी अपील की। जगदेव ठाकुर ने कहा कि फतेहपुर में कांग्रेस के विधायक क्षेत्र का विकास करवाने में असमर्थ साबित हुए हैं। जगदेव ठाकुर ने कहा कि कांग्रेसी विधायक सड़क, बिजली, पानी व स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने में भी विफल रहे हैं। जगदेव ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने फतेहपुर के विकास के लिए हरसंभव मदद की है और मदद का यह सिलसिला लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में फतेहपुर भाजपा पुरानी कमियों को दूर करके एकजुटता के साथ चुनावी समर में उतरेगी और विजय पताका फहराएगी। जगदेव ठाकुर ने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत देश को एक नई पहचान मिली है ठीक उसी तरह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल ने भी विकास के नए आयाम छुए हैं। विकास का यह रथ निरंतर अग्रसर रहे इसके लिए जरूरी है कि केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकारें बनें। हम अपने क्षेत्र से भाजपा विधायक बनाकर हम भारत की प्रगति का मार्ग प्रशस्त कर सकते हैं।