नौणी विवि में निकाली तिरंगा यात्रा
सोलन
आज़ादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में आज तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर राजेश्वर सिंह चंदेल सहित सभी वैधानिक अधिकारियों, वैज्ञानिकों, स्टाफ और छात्रों ने भाग लिया। नौणी पंचायत के प्रधान मदन हिमाचली व पंचायत के अन्य प्रतिनिधियों सहित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, शमरोड़ के छात्र भी इस तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
औदयानिकी महाविद्यालय से तिरंगा यात्रा शुरू हुई और विश्वविद्यालय परिसर में स्थित कर्मचारियों के आवास, प्रशासनिक ब्लॉक से होते हुए मुख्य गेट, नौणी बाज़ार, शमरोड़ स्कूल से होते हुए वापिस प्रशासनिक ब्लॉक पर इसका समापन हुआ।
सभी को संबोधित करते हुए प्रो॰ राजेश्वर सिंह चंदेल ने कहा कि सभी नागरिकों को देश और तिरंगे के सम्मान करने के साथ-साथ देश को नई बुलंदियों पर ले जाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होनें सभी से आज़ादी के अमृत महोत्सव पर्व में बढ़ चड़ कर भाग लेने का आग्रह किया।
आज़ादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा प्रभात फेरी का भी आयोजन किया गया जिसमें छात्रों ने नशे के दुष्प्रभावों के बारे में सबको जागरूक किया। इसके अलावा विश्वविदयालय में गायन, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है।