नियमों का उल्लंघन करने वाले आढ़तियों पर कृषि विपणन बोर्ड की बड़ी कार्यवाही
सोलन :
कृषि उपज मंडी समिति सोलन के अंतर्गत अस्थाई सेब मंडी सोलन में शिमला से पहुंची कृषि विपणन बोर्ड की टीम ने आढ़तियाें पर बड़ी
कार्यवाही की है। कृषि विपणन बोर्ड द्वारा यह कार्यवाही नियमों का
उल्लंघन करने वाले आढ़तियों पर की गई है। एपीएमसी सोलन के पदाधिकारियों
से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को शिमला से कृषि विपणन बोर्ड की टीम
सोलन सेब मंडी का औचक निरीक्षण करने पहुंची। इस दौरान एपीएमसी द्वारा
बनाए गए नियमों का पालन न करने वाले पांच आढ़तियों के टीम ने चालान भी
किए। आढ़तियों पर प्रति चालान 15 हजार रूपए जुर्माना लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार कृषि विपणन बोर्ड ने यह कार्यवाही बागवानों से लोडिंग
अनलोडिंग के अधिक चार्ज वसूलने को लेकर की है। कृषि विपणन बोर्ड को बीते
दिनों से बागवानों की इस बारे में शिकायतें मिल रही थी। इसके साथ ही कृषि
विपणन बोर्ड ने आढ़तियों को निर्देश भी जारी किए कि भविष्य में ऐसा न हो,
नही तो संबंधित आढ़ती का लाइसेंस तक रद्ध कर दिया जाएगा। इससे पूर्व बीते
दिनों एपीएमसी सोलन द्वारा भी अंडर हैंड बोली लगाने वाले एक आढ़ती का
चालान करके 45 हजार जुर्माना वसूला गया था। इसके बाद एपीएससी के कर्मचारी
सेब की बोली के दौरान आढ़तियों पर निरंतर नजर बनाए रखती है, ताकि
बागवानों से किसी तरह की धोखाधड़ी न हो। वहीं एपीएमसी द्वारा अब सेब मंडी
में बोली लगाने का समय भी सुबह सात से शाम सात बजे तक निर्धारित किया गया
है। लेकिन इसके बावजूद भी कुछ आढ़ती नियमों का पालन नही करते है। सब्जी
मंडी अंदर भी कुछ आढ़ती सेब का कारोबार करते है। सोलन सब्जी मंडी में तो
सुबह पांच बजे के बाद ही कई बार आढ़ती सुबह पांच बजे से ही बोली शुरू कर
देते है। इनके पास सोलन शहर में सब्जी का कारोबार करने वाले कुछ व्यापारी
सेब खरीदने के लिए पहुंचते है। ऐसे में उस समय वहां एपीएमसी का कोई भी
कर्मचारी मौजूद नही होता व बागवानों से धोखाधड़ी की संभावना बढ़ जाती है।
बागवानों से धोखाधड़ी की घटनाओं को रोकने के लिए गठित पुलिस विभाग की
एसआईटी भी सेब मंडी में नजर बनाए रखती है।
कृषि विपणन बोर्ड शिमला की टीम ने सेब मंडी सोलन का औचक
निरीक्षण किया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच आढ़तियों के
चालान कर जुर्माना किया गया है। बागवानों से धोखाधड़ी की घटनाओं को रोकने
के लिए एपीएमसी सतर्क है व सेब बोली के दौरान कर्मचारियों द्वारा पूरी
नजर रखी जा रही है।
डा. रविंद्र शर्मा, सचिव एपीएससी सोलन।