नड्डा त्रिपुरा की दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचे
अगरतला: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा त्रिपुरा की दो दिवसीय यात्रा पर रविवार सुबह यहां पहुंचे हैं, जिसका उद्देश्य राज्य में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी को मजबूत करना और विभिन्न इकाईयों को पुनर्गठित करना है।
नड्डा ने यहां पहुंचने के तुरंत बाद पार्टी के नेताओं के साथ प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया, इसके बाद पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य और मुख्यमंत्री डॉ माणिक साहा से शुरूआती चर्चा की।
एमबीबी हवाईअड्डे पर सर्वश्री भट्टाचार्य, साहा और पार्टी के अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। राज्य कोर कमिटी के सदस्यों के साथ बैठक करने से पहले वह रात में भाजपा सरकार में शामिल सहयोगी आईपीएफटी के नेताओं के साथ भी बैठक करेंगे।
नड्डा सोमवार को खुमलुंग में त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला (एडीसी) मुख्यालय में एक विशाल रैली को संबोधित करेंगे जिसमें शाही वंशज प्रद्योत किशोर देववर्मन को चुनौती दी जाएगी, जिनकी पार्टी तिपरा मोथा ने एडीसी पर शासन कर रही है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भट्टाचार्य ने मीडिया से कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिखाई गई विकास की समावेशी राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि नड्डा की जनसभा ऐतिहासिक होगी जिसमें बड़ी संख्या में जनजातीय लोग शामिल होंगे, हम तिपरा को संदेश देना चाहते हैं कि जिस प्रकार से वे अन्य दलों विशेष रूप से भाजपा के कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित कर रहे हैं वह स्वीकार्य नहीं है, हम उन्हें जनजातीय लोगों में भाजपा की स्वीकार्यता दिखाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि तिपरा एकता के नाम पर हिंसा और हमला के माध्यम से राज्य की एकता नष्ट कर रही है, जिसी भाजपा चलने नहीं देगी।
इससे पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत भी राज्य की दो दिवसीय यात्रा पर आ चुके हैं और स्थिति की समीक्षा करने के साथ-साथ प्रद्योत की मां विभू कुमारी देवी से शाही महल में मुलाकात चुके हैं। श्री नड्डा के दौरे को हालांकि, राज्य में पांच माह बाद होने वाले अगामी चुनाव के लिए भाजपा के चुनावी अभियान के रूप में देखा जा रहा है।