टिप्पर ने कुचला बाइक सवार, अस्पताल ले जाते थोड़ा जोगिंदर ने दम, केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

ऊना।
हरोली उपमंडल के तहत पड़ते सीमांत गांव गोंदपुर बूला में अज्ञात टिप्पर द्वारा बाइक सवार 62 वर्षीय बुजुर्ग को रौंदे जाने की घटना सामने आई है। हादसे में घायल हुए पंजाब के होशियारपुर जिला की गढ़शंकर तहसील के शाहपुर गांव निवासी जोगिंदर सिंह ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटना के संबंध में स्थानीय पंचायत के प्रधान की शिकायत के आधार पर केस दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के जिम्मेदार अज्ञात टिप्पर चालक की धरपकड़ के लिए भी प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
पुलिस को दी शिकायत में गोंदपुर बूला के पंचायत प्रधान सतनाम सिंह ने बताया कि उन्हें बाद दोपहर गांव के ही एक युवक ने मोबाइल फोन पर सूचना दी कि उनके किसी रिश्तेदार के साथ गांव के ही पार्क के पास हादसा पेश आया। इस घटना में पीड़ित की टांग पर गहरी चोट आई है। मामले की जानकारी मिलने के वक्त सतनाम सिंह पंचायत घर में मौजूद थे और उन्होंने फौरन घटनास्थल पर पहुंचकर घायल व्यक्ति को संभाला। घायल जोगिंदर सिंह की हालत गंभीर होने के चलते सतनाम सिंह फौरन उसे किसी निजी वाहन के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुलैहड़ के लिए लेकर रवाना हो गए। रास्ते में घायल जोगिंदर सिंह ने सतनाम सिंह को बताया कि उन्हें किसी अज्ञात टिप्पर चालक ने टक्कर मारी है जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जोगिंदर सिंह को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतक जोगिंदर सिंह लकड़ी का काम करता था और घटना के समय वह हिमाचल से वापस अपने घर पंजाब की तरफ बाइक पर लौट रहा था। उधर डीएसपी हरोली अनिल कुमार पटियाल ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में अज्ञात टिप्पर चालक के खिलाफ केस दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रीजनल अस्पताल भेज दिया गया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button