जनता त्रस्त, नेता मस्त यह है कांग्रेस भाजपा का हाल : चेतन चंबियाल
जमात अली। फतेहपुर
जनता महंगाई, बेरोजगारी से त्रस्त है लेकिन भाजपा व कांग्रेस के नेता मस्त हैं। उन्हें जनता की कोई फिक्र नहीं है बल्कि सिर्फ अपनी राजनीतिक विरासत को संभालने व आगे बढाने की फिक्र है। यह शब्द आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश के उपाध्यक्ष चेतन चंबियाल ने पंचायत जनसंवाद कार्यक्रम के तहत विभिन्न पंचायतों में अपने संबोधन के दौरान कहे। चेतन चंबियाल ने कहा कि पूर्व की कांग्रेस व मौजूदा भाजपा सरकारों ने प्रदेश को कर्जदार बनाकर रख दिया है। सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा प्रदेश का हर व्यक्ति भुगत रहा है। आज महंगाई और बेरोजगारी ने आम जनता की कमर तोड़ के रख दी है और भाजपा इसे विकास का नाम दे रही है। विपक्षी कांग्रेस के नेता अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं उन्हें भी जनता के मुद्दों से कोई सरोकार नहीं है। ऐसे में प्रदेश की जनता तीसरे विकल्प की तलाश में है और आम आदमी पार्टी हिमाचल के लोगों के लिए मजबूत विकल्प के रूप में उभरी है। कुछ ही समय में पार्टी के साथ हजारों लोगों का जुड़ना पार्टी की लोकप्रियता को दर्शाता है। आम आदमी पार्टी के नेशनल कन्वीनर व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा दिल्ली में किये गए कार्यों और पंजाब में लिए गए निर्णयों को हिमाचल की जनता भी सराह रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस में बौखलाहट इस बात का प्रमाण है कि आम आदमी पार्टी तेजी से मजबूत एवं लोकप्रिय हो रही है। इस अवसर पर उनके साथ आम आदमी पार्टी पंजाब से जिला पठानकोट महिला अध्यक्ष रेखा ने भी लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में पार्टी ने जो वायदे किये थे उन्हें पूरा करने की दिशा में काम हो रहा है और आम जनता खुशहाल हो रही है। हिमाचल में जो बारी बारी से सरकार बनाने की परम्परा भाजपा व कांग्रेस ने चला रखी है उसे आगामी चुनावों में हिमाचल की जनता जरूर बदलेगी।