चरस की तस्करी करते पॉलिटेक्निक कॉलेज के दो कर्मचारी गिरफ्तार
नैनीताल, 06 अगस्त (वार्ता) उत्तराखंड के चंपावत में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने लोहाघाट राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के दो कर्मचारियों को चरस की तस्करी करते हुए पकड़ा है। दोनों ने चरस का धंधा करने के लिये ढाई लाख रूपये का ऋण भी लिया है। दोनों से तीन किलो से अधिक चरस बरामद हुई है।
चंपावत के पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पिंचा ने शनिवार को इस मामले को खुलासा करते हुए बातया कि पुलिस को पॉलिटेक्निक कॉलेज में लंबे समय से नशीले चीजों के कारोबार की शिकायत मिल रही थी। इसके बाद पुलिस ने नशे के सौदागरों को पकड़ने के लिये एक टीम का गठन किया।
लोहाघाट थाने की पुलिस ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर खूनाबोरा में अपना जाल बिछाया और स्कूटी संख्या यूके 03सी 0528 को रोका और दो सवारों से 3.100 किग्रा चरस बरामद की। पुलिस ने दोनों आरोपियों सदीप कुमार निवासी भूड़ महोलिया, खटीमा जिला उधमसिंह नगर व प्रकाश सिंह निवासी ग्राम सुजई, थाना जाजरदेवल, पिथौरागढ़ को तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी लोहाघाट राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के कर्मचारी हैं। इनमें से प्रकाश सिंह चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तो संदीप कुमार संविदा पर तैनात है। दोनों ने लोहाघाट क्षेत्र से ही चरस खरीदी और तराई वाले इलाके में बेचने के लिये ले जा रहे थे।
पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है। साथ ही यह भी पता लगा रही है कि ये दोनों क्या कालेज में भी चरस का धंधा करते थे। श्री पिंचा ने बताया कि आरोपियों ने चरस खरीदने के लिये बैंक से ढाई लाख रूपये का ऋण भी लिया है।