कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका, लखविंदर राणा और पवन काजल ने थामा बीजेपी का दामन
शिमला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के मुहाने पर खड़ा है, ऐसे में नेता अपनी-अपनी पार्टी को छोड़ राजनीतिक भविष्य को तरजीह देते नजर आ रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। प्रदेश कांग्रेस के दो विधायकों कांगड़ा से पवन काजल और नालागढ़ से लखविंद्र राणा ने बुधवार को नई दिल्ली में भाजपा का दामन थाम लिया है। सीएम जयराम ठाकुर की मौजूदगी में दोनों विधायकों ने नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में भाजपा की सदस्यता ली। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप भी मौजूद रहे। जिला परिषद के रास्ते राजनीति में काजल राजनीति में आए। पहले निर्दलीय विधायक बने थे। बाद में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कांग्रेस में लाया। वहीं, लखविंद्र राणा नालागढ़ विधानसभा हलके में वीरभद्र परिवार के करीबी और पिछली बार निर्दलीय चुनाव लड़े बावा हरदीप सिंह से हमेशा टकराव में रहे। गौरतलब है कि भाजपा में जाने की अटलकों के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को पवन काजल को पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष पद से हटाकर पूर्व सांसद चंद्र कुमार को इस पद का जिम्मा सौंपा है।
दोनों विधायक पार्टी की सदस्यता से निष्कासित
उधर, भाजपा में शामिल होने के बाद हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने दोनों विधायकों को पार्टी की सदस्यता से छह-छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। यह फैसला कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला की मंजूरी के बाद लिया गया है और पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए दोनों विधायकों पर कार्रवाई की गई है।
सियासत: बंद कमरे में मिले महेंद्र सिंह और सुखविंद्र सुक्खू, डिनर भी किया। जयराम मंत्रिमंडल के वरिष्ठ सदस्य और जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर और कांग्रेस प्रचार कमेटी के अध्यक्ष ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सुंदरनगर स्थित सुकेत सदन के बंद कमरे में मुलाकात हुई।
विपक्षी दल के लिए बड़ा झटका, एक और विधायक संपर्क में
कांग्रेस के दो विधायकों का इस तरह से भाजपा में जाने से सत्तारूढ़ होने को आतुर विपक्षी दल के लिए यह बड़ा झटका है। भाजपा ने यूपी और उत्तराखंड के बाद हिमाचल में भी सत्ता में बने रहने की रणनीति के तहत बड़ा झटका दिया। कांग्रेस का मनोबल तोड़ने की मुहिम के तहत बड़ी सियासी चाल चली। भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष खीमी राम के कांग्रेस में जाने के बाद बड़ा मास्टर स्ट्रोक चला है। एक और कांग्रेस विधायक को भी भाजपा में मिलाने की तैयारी है। पार्टी के अनुसार विधायक से अभी इस बारे में बातचीत चल रही है।
कांग्रेस ने पवन काजल को कार्यकारी अध्यक्ष पद से हटाया, पूर्व सांसद चंद्र कुमार को सौंपा जिम्मा
शिमला
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सियासत गरमा गई है। कांग्रेस आलाकमान ने कांगड़ा के विधायक पवन काजल को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष पद से हटा दिया है। पवन काजल के भाजपा में शामिल होने के चलते कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने यह फैसला लिया है। कांगड़ा जिला से ही ताल्लुक रखने वाले पूर्व सांसद चन्द्र कुमार को नया कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की तरफ से इस बाबत अधिसूचना जारी हुई है।
इसी साल अप्रैल माह में कांग्रेस ने प्रतिभा सिंह को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपने के साथ चार कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किये थे। इनमें कांगड़ा से पवन काजल, चम्बा से हर्ष महाजन, सिरमौर से विनय कुमार और हमीरपुर जिला से राजेन्द्र राणा शामिल हैं। पवन काजल लगातार दो बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। उन्होंने अपना पहला चुनाव वर्ष 2012 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीता था। हालांकि बाद में वह कांग्रेस में शामिल हो गए।