कांग्रेस का राष्ट्रीय स्तर से लेकर खंड स्तर तक हाल खराब : रूप लाल ठाकुर

सुमन डोगरा
बिलासपुर
जिला भाजपा मुख्य प्रवक्ता रूप लाल ठाकुर ने प्रैस को जारी बयान में आरोप लगाया है कि कई गुटों में बंटी बिलासपुर कांग्रेस का राष्ट्रीय स्तर से लेकर खंड स्तर तक हाल इतना खराब है कि हर बार यह लोग जनता में हंसी का पात्र बन रहे हैं। शुक्रवार को भी बिलासपुर मुख्यालय में कांग्रेस का ऐसा ही जनाजा निकला। विरोध के लिए एकत्रित हुए कांग्रेसी दो गुटों में बंट गए। जिला प्रभारी एक तरफ हाइजैक हो गए और जिलाध्यक्षा की टीम दूसरी तरफ उछलती दिखी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर के हर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की अपनी डफली अपना राग है। कांग्रेसी नेता एक दूसरे को फूटी आंख देखना पसंद नहीं कर रहे हैं। लिहाजा इनकी कार्यकारिणी में बिना संस्तुति के लोगों को शामिल किया जाता है फिर बिना पूछे बाहर का रास्ता दिखाकर जलील किया जाता है। कांग्रेस के कितने ही नेता अपना टिकट पक्का मानकर जनता के बीच घूमना शुरू हो गए हैं। अकेले सदर विधानसभा क्षेत्र में कोई छह उम्मीदवार अपना टिकट मानकर चल रहे हैं। प्रदेश हाईकमान का जिला में कोई नियंत्रण नहीं है जबकि जिला प्रधान का भी अपनी टीम पर कोई वश नहीं है। आए दिन समाचार पत्रों की सुर्खियां बनने वाले कांग्रेस के विरोधाभाषी बयानों से बिलासपुर में कांग्रेस मजाक बन कर रह गई है। शुक्रवार को एक बार फिर से इसकी ताजा तस्वीर देखने को मिली। दो धड़े अपना अपना राग अलापते रहे। रूप लाल ठाकुर ने कहा कि रही बात ईडी की तो वह एक संवैधानिक एवं कानूनी प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि ईडी यानि प्रर्वतन निदेशालय द्वारा पुराने मामले में तहकीकात की जा रही है तथा इसमें आरोपी बने लोगों को पूछताछ के लिए बुलाना कानूनी प्रक्रिया है। इसलिए कांग्रेसी नेताओं को इसमें हो हल्ला करने की बजाए सहयोग करना चाहिए। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस जिस नई टीम पर इतरा रही है, उस टीम के सभी सदस्यों के चेहरे अलग अलग दिशा में है। यहां पर आए दिन भाजपा को घेरने के लिए अंटशंट बयान दिए जा रहे हैं। लेकिन भाजपा ने पूरी ईमानदारी से प्रदेश की जनता की सेवा की है तथा सरकार अपने शानदार पांच साल पूर्ण करेगी और दोबारा प्रदेश की सता में काबिज होगी। रूप लाल ठाकुर ने कहा कांग्रेस के मंसूबे किसी भी कीमत पर कामयाब नहीं होंगे तथा सुशासन देने वाली भाजपा दोबारा सरकार बनाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button