आनंद शर्मा गुट ने मांगा शिमला का टिकट :
कांग्रेस हिमाचल प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर और कांग्रेस के बागी नेता आनंद शर्मा का समर्थन करने वाले सहयोगी आनंद कौशल ने बुधवार को क्रमश: शिमला शहरी और शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन के लिए दावा पेश किया।
सर्वश्री राठौर और कौशल दोनों लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े हुए हैं और दोनों पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा के करीबी सहयोगी हैं। श्री राठौर को हाल ही में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाकर मंडी लोकसभा सदस्य प्रतिभा सिंह को इस पहाड़ी प्रदेश का कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया है।
कांग्रेस ने फैसला किया है कि वह वंशवाद की राजनीति को खत्म करने के लिए एक परिवार के केवल एक सदस्य को ही मैदान में उतरने की अनुमति देगी। श्रीमती प्रतिभा सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह ग्रामीण शिमला से कांग्रेस विधायक हैं।
श्री राठौर ने पहले कहा था कि वह ठियोग से चुनाव लड़ेंगे लेकिन श्रीमती प्रतिभा सिंह ने ठियोग में भाजपा नेता राकेश वर्मा की विधवा भाजपा की बागी इंदु वर्मा को पार्टी का टिकट देने की पेशकश की। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नरेश चौहान, शिमला अर्बन पार्टी के अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी और हरीश जनार्थ भी शिमला शहरी से पार्टी का टिकट चाहते हैं। श्री चौधरी को श्री आनंद शर्मा का भी करीबी माना जाता है।